नगर निगम करेगा आवारा स्वानो का बधियाकरण-निविदा जारी…

नगर निगम करेगा आवारा स्वानो का बधियाकरण-निविदा जारी
कोरबा । कोरबा शहर में लगातार बढ़ती आवारा स्वानो की संख्या को लेकर कोरबा नगर निगम ने ठोस कदम उठाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा आवारा स्वानो के बधियाकरण (नसबंदी) के लिए निविदा जारी कर दी गयी हैं । इसका मकसद न केवल इनकी अनियंत्रित जनसंख्या पर रोक लगाना है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना भी है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह अभियान शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बधियाकरण से आवारा स्वानो के बीच लड़ाई-झगड़े और आक्रामकता में भी कमी आने की संभावना है।
आयुक्त श्री पांडेय ने आगे कहा कि नगर निगम जल्द ही व्यापक स्तर पर बधियाकरण अभियान चलाएगा, जिसके लिए संबंधित एजेंसियों से निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। इस काम के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सको की टीम भी तैनात की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अधिक संख्या में आवारा स्वान दिखाई देते हैं, तो उसकी जानकारी तत्काल नगर निगम को दें। इससे निगम को उन क्षेत्रों में जल्दी कार्यवाही करने में सहायता मिलेगी।
इस पहल को शहरवासियों ने भी सराहा है, क्योंकि बीते दिनों स्वानो के हमलों की घटनाएं बढ़ गई थीं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में खासा भय का माहौल बना हुआ था। नगर निगम का यह कदम जनहित में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है, जिससे कोरबा शहर को अधिक सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किया जा सकेगा।