KORßA:-1.40 लाख के साथ 8 जुआरी गिरफ्तार,हसदेव नदी किनारे सूने मकान में चल रहा था जुआ
हसदेव नदी किनारे सूने मकान में चल रहा था जुआ
कोतवाली-साइबर सेल ने पकड़ा छापा मारकर
कोरबा l कोरबा जिला पुलिस ने शहर में चल रहे अवैध जुआ फड़ पर बड़ी कार्यवाही की है। जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के फोकटपारा क्षेत्र स्थित हसदेव नदी किनारे एक सूने मकान में चल रहे जुआ फड़ पर साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
इस दौरान 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 1 लाख 40 हजार 500 रुपए नकद, ताश की गड्डियां और कई वाहन जब्त किए हैं। यह कार्यवाही अवैध जुआ पर लगाम लगाने हेतु की गई है। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि नदी किनारे सुनसान क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा है। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने एक योजना बनाई। टीम ने घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस की तेज कार्यवाही के कारण जुआ खेल रहे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के फोकटपारा में नदी किनारे एक सूने मकान में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। इस पर कोतवाली पुलिस ने रेड कार्यवाही की। उन्होंने आगे बताया कि मौके से 1 लाख 40 हजार 500 रुपए बरामद किए गए हैं और कुल आठ आरोपियों को पकड़ा गया है। इनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस जुआ फड़ के मुख्य संचालक और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध जुआ, सट्टा और नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। सूचना के आधार पर ऐसी कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी।



