
कटघोरा में अटल प्रतिमा निर्माण में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल निलंबित
कोरबा रायपुर/कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा में अटल परिसर स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण कार्य में अनियमितताओं के मामले में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, नवा रायपुर द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की जांच रिपोर्ट में प्रतिमा निर्माण कार्य प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। जांच में प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, सतह क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर निर्माण प्रक्रिया में पदस्थापना के दौरान उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी माना गया। इसे उनके पदीय कर्तव्यों के विपरीत आचरण मानते हुए छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।



