सीएम हेल्पलाइन 1076 से साकार हो रहा सुशासन का संकल्प
समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निराकरण से बढ़ रहा आमजन का विश्वास, कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा बना प्रभावी जनसेवा का उदाहरण
कोरबा 03 अगस्त 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रारंभ की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 आज प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की सशक्त पहचान बन चुकी है। यह केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान का भरोसेमंद मंच बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। यही सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेह कार्यप्रणाली जिले के बेहतर प्रदर्शन का आधार बनी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कोरबा जिले में अब तक 4,042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 73.60 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जो राज्य के औसत 63.84 प्रतिशत से अधिक है। इसी प्रकार जिले में प्राप्त फीडबैक में 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जो राज्य के औसत 55.68 प्रतिशत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। इन आंकड़ों के पीछे अनेक ऐसे उदाहरण हैं, जहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ और उन्हें त्वरित राहत मिली।
विकासखंड पाली के ग्राम पोलमी निवासी गौरीबाई के पास राशन कार्ड नहीं होने के कारण वे विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जनपद पंचायत पाली के माध्यम से उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया। अब उन्हें खाद्यान्न सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। गौरीबाई ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का संतोषजनक समाधान कर दिया।
कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में सिद्धि विहार स्थित शांति विला गोदावरी निवास के आसपास आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान श्रीमती वंदना यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के कुछ घंटों के भीतर ही नगर पालिका द्वारा संबंधित क्षेत्र में बंध्याकरण एवं टीकाकरण अभियान संचालित कर आवश्यक कार्रवाई की गई। समस्या के समाधान के बाद शिकायतकर्ता ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली।
इसी प्रकार मोतीसागरपारा निवासी श्री शांतनु मिश्रा ने मोहल्ले की नाली में गाद जमा होने से जलभराव की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नगर निगम की स्वच्छता टीम ने मौके पर पहुंचकर नाली की सफाई कर जल निकासी सुचारु कर दी। वहीं वार्ड क्रमांक 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर स्थित खाली भूखंड में लंबे समय से जमा कचरे की शिकायत पर निगम की टीम ने जेसीबी एवं ट्रैक्टर की सहायता से पूरे क्षेत्र की सफाई कर आसपास के रहवासियों को राहत पहुंचाई।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने छोटी-छोटी लेकिन आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया है। मोतीसागरपारा निवासी श्री कन्हैया लाल टेवानी ने मोहल्ले की खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत दर्ज कराई। अगले ही दिन संबंधित विभाग ने स्ट्रीट लाइट सुधारकर पुनः चालू कर दी। श्री टेवानी ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद अधिकारियों ने लगातार उनसे संपर्क कर समाधान की जानकारी ली, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
इसी तरह पंपहाउस क्षेत्र निवासी श्री रामकुमार साहू ने अपने घर में लगातार हो रही विद्युत वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद विद्युत विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग एक घंटे के भीतर समस्या का निराकरण कर दिया। श्री साहू ने कहा कि अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है।
ये उदाहरण स्पष्ट करते हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासन, प्रभावी मॉनिटरिंग और जवाबदेह शासन की सशक्त कार्यप्रणाली का माध्यम बन चुकी है। पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप तथा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में कोरबा जिला प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक शिकायत का केवल निस्तारण ही नहीं, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे शिकायतकर्ता पूर्णतः संतुष्ट हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से बढ़ता सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण है कि शासन की जनहितैषी नीतियां धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो रही हैं और प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।
क्रमांक 716/कमलज्योति/
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
KORBA:-कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन 1076 से मजबूत हुआ जनविश्वास का उदाहरण
Related Posts
About Us

Rameshwar Thakur
Owner & Editor
Disclaimer
श्री गणेशाय: नमः
छत्तीसगढ़ की खबरें प्राथमिकता से प्रकाशित की जाती हैं, जिसमें जनहित की सूचनाएं, समसामयिक घटनाओं पर आधारित खबरें प्रकाशित की जाती हैं। साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार / फोटो / वीडियो आदि) शामिल होगी।
SHIKHARKESRI.COM इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। साइट में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, इसके लिए SHIKHARKESRI.COM या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी ज़िम्मेदारी नहीं होगी।
Important Links
© 2025 Shikharkeshri.com | All Rights Reserved | Develop By Nimble Technology.


