कोयला मजदूर पंचायत में रेशम लाल यादव बने अध्यक्ष, विनय सिंह फिर बने महामंत्री

- एसईसीएल के सभी क्षेत्रों से श्रमिक प्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारी
- कानूनी प्रावधानों के तहत पदाधिकारी और सदस्य होंगे संरक्षित कर्मचारी
कोरबा l कोयला उद्योग के श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कार्यरत कोयला मजदूर पंचायत (एचएमएस) ने अपनी नई केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का गठन कर दिया है। नई कार्यकारिणी में रेशम लाल यादव (पूर्व कर्मचारी, गेवरा क्षेत्र) को केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया है, जबकि विनय सिंह (विद्युत पर्यवेक्षक, सोहागपुर क्षेत्र) को लगातार दूसरी बार केंद्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन ने रामेश्वर दुबे (चिरमिरी क्षेत्र) एवं हरी यादव (बैकुंठपुर क्षेत्र) को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह ने बताया कि नई कार्यकारिणी की आधिकारिक सूचना सीएमडी, एसईसीएल को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा 33(4), औद्योगिक विवाद (केंद्रीय) नियम, 1957 की धारा 61 तथा औद्योगिक संबंध संहिता (IR Code), 2020 एवं केंद्रीय नियम, 2026 के तहत कार्यकारिणी के सभी निर्वाचित पदाधिकारी एवं सदस्य संरक्षित कर्मचारी के रूप में मान्य होंगे।
घोषित नई कार्यकारिणी
- केंद्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव (गेवरा)
- कार्यवाहक अध्यक्ष रामेश्वर दुबे (चिरमिरी), हरी यादव (बैकुंठपुर)
- केंद्रीय महामंत्री विनय सिंह (सोहागपुर)
- केंद्रीय उपाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह (भटगांव), शिवनारायण मिश्रा (सोहागपुर), अनिद्ध सिंह क्षत्री (गेवरा), डॉ. एन.एल. पटेल (जोहिला)
- केंद्रीय उप-महामंत्री अख्तर जावेद उस्मानी (हसदेव), एस.सी. मंसूरी (गेवरा)
- केंद्रीय कोषाध्यक्ष उमेश कुमार (चिरमिरी)
इसके अलावा गेवरा, कुसमुंडा, दीपका, सोहागपुर, चिरमिरी, हसदेव, जोहिला, बैकुंठपुर, जमुना-कोतमा और रायगढ़ सहित एसईसीएल के सभी प्रमुख क्षेत्रों से श्रमिक प्रतिनिधियों को संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। - श्रमिक हितों के लिए संघर्ष रहेगा जारी
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेशम लाल यादव और महामंत्री विनय सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि नई टीम कोयला श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा, उचित वेतनमान, सेवा शर्तों और वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बेहतर औद्योगिक संबंध बनाए रखने के साथ-साथ श्रमिक हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाएगा।
संगठन की ओर से नई कार्यकारिणी की सूचना रजिस्ट्रार व्यावसायिक संघ (रायपुर), निदेशक (एचआर) कोल इंडिया लिमिटेड, उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय) तथा एसईसीएल के सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को भी भेज दी गई है।



