मलेरिया प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक फूलसिंह राठिया, 10 किमी पैदल और नाले पार कर जाना ग्रामीणों का जाना हाल




कोरबा। जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच विधायक फूलसिंह राठिया खुद मैदान में उतरे। उन्होंने दुर्गम वनांचल क्षेत्रों के गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
विधायक ने लेमरू, नकिया, रपता, खम्हूंन और खराखेत गांवों का भ्रमण किया। खम्हूंन और खराखेत जैसे अंतिम छोर के गांवों तक पहुंचने के लिए उन्हें करीब 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। रास्ते में पगडंडियों और कई नालों को भी पार करना पड़ा।
गांव पहुंचकर विधायक ने मलेरिया प्रभावित लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि “ग्रामीणों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। दूरस्थ क्षेत्रों में भी समय पर इलाज और दवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”
ग्रामीणों ने विधायक के इस संवेदनशील कदम की सराहना की। लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का इस तरह दुर्गम रास्ते तय कर गांव-गांव पहुंचना उनके प्रति समर्पण को दर्शाता है।
दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, जिला महामंत्री भूकेश्वर सिंह पैकरा, विधायक प्रतिनिधि बुधवान सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष लेमरू मोहर साय यादव, मंडल अध्यक्ष रामपुर दीनानाथ राठिया, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



