तिलकेजा पंचायत: पीएम आवास योजना में शिकायत, जिला पंचायत CEO से निष्पक्ष जांच की मांग
तिलकेजा पंचायत में पीएम आवास योजना को लेकर गंभीर शिकायत, 66 हितग्राहियों की पात्रता निरस्त करने की मांग
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची में कथित वित्तीय अनियमितता, पद के दुरुपयोग और शासकीय राशि के गबन का मामला सामने आया है। इस संबंध में तिलकेजा निवासी जितेंद्र कुमार साहू ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई 2024 की विशेष ग्राम सभा की कार्यवाही में पीएम आवास योजना के तहत 214 हितग्राहियों की सूची का वाचन किया गया था। इनमें शासकीय नौकरी, पक्का मकान, अन्यत्र निवास अथवा पूर्व में आवास योजना का लाभ ले चुके अपात्र लोगों को भी शामिल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को तैयार की गई नई कार्यवाही पंजी में पूर्व में अपात्र घोषित किए गए 66 हितग्राहियों को नियमों की अनदेखी करते हुए स्व-सिद्ध तरीके से पात्र दर्ज कर दिया गया। इसके बाद 23 जून 2026 को पोर्टल पर कथित रूप से फर्जी प्रविष्टियां कर 48 से अधिक अपात्र हितग्राहियों के खातों में प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये प्रति हितग्राही की दर से शासकीय राशि आवंटित किए जाने का आरोप है।
शिकायत पत्र में संबंधित सरपंच, सचिव एवं आवास प्रभारी/कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग करते हुए छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने दोषियों से शासकीय राशि की शत-प्रतिशत वसूली तथा दोषी पाए जाने वाले सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए जांच टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा 18 जुलाई 2024 को अपात्र घोषित किए गए 66 हितग्राहियों की पात्रता निरस्त कर योजना लाभ पर रोक लगाई जाए।



