सक्ती पुलिस की सट्टे पर बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा खिलाते 2 आरोपी गिरफ्तार, 16 हजार के मोबाइल जब्त
सक्ती। अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सट्टा में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन, कीमत लगभग 16,000 रुपये जब्त किए गए हैं।
मामला इस प्रकार है:
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 19 अगस्त 2026 को थाना सक्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बुधवारी बाजार पानी टंकी के पास समीर खान नामक व्यक्ति व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टे के अंक लिखवाकर कल्याण सट्टा खिला रहा है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर समीर खान को पकड़ा। उसके कब्जे से रेडमी नोट कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें सुरेश अग्रवाल के नंबर पर सट्टे के अंक भेजने की चैट मिली।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी सुरेश चंद अग्रवाल को भी घेराबंदी कर पकड़ा। उसके पास से रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें समीर खान को सट्टे के अंक भेजने के साक्ष्य मिले।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 353/2026, धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- समीर खान, पिता अब्दुल गफ्फार खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड 03, राजापारा, सक्ती
- सुरेश चंद अग्रवाल, पिता रामकरण अग्रवाल, उम्र 66 वर्ष, निवासी वार्ड 09, अखराभाठा रोड, सक्ती
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के जुआ-सट्टा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
सक्ती पुलिस की अपील: आम नागरिक अवैध जुआ-सट्टा से दूर रहें और ऐसी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









