

ग्रामीण क्षेत्रों में सिटी बस चलाने की मांग, विधायक फूल सिंह राठिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र
कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं की आवागमन संबंधी समस्याओं को देखते हुए विधायक फूल सिंह राठिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर, जिला कोरबा को पत्र लिखकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
विधायक राठिया ने अपने पत्र में बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नकटीखार, गोढ़ी, बेंदरकोना, करमंदी, भैसमा, तुमान मार्ग सहित कोरबा, उरगा, भैसमा, करतला, कुदमुरा और हाटी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, किसान, मजदूर और कर्मचारी आवागमन करते हैं। सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक ने पत्र में दो प्रमुख मार्गों पर सिटी बस संचालन शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इनमें नकटीखार–गोढ़ी–बेंदरकोना–करमंदी–भैसमा–तिलकेजा–तुमान–लवेद तथा कोरबा–उरगा–भैसमा–करतला–कुदमुरा–हाटी मार्ग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर नियमित इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुलभ आवागमन की सुविधा मिलेगी। विधायक ने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को इन मार्गों पर इलेक्ट्रिक सिटी बस का परिचालन प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।









