KORßA:-जनसमस्याओं को लेकर AAP का ‘जनहित अभियान’ शुरू, 9 मुद्दों पर प्रेस वार्ता कर प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। जिले की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने ‘जनहित अभियान’ की शुरुआत की है। बुधवार को प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने 9 ज्वलंत मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया और मांगें पूरी न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी।
प्रेस वार्ता को प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया और जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेबिट लोगन ने संबोधित किया। इस दौरान जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, सोमराज, यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बक्स, जिला उपाध्यक्ष धर्मदास गांधी, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, महिला जिलाध्यक्ष/उपाध्यक्ष सरोज यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आप नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत ट्रेन सुविधाओं की कमी, सड़कों पर आवारा पशुओं से हादसे, बिजली बिलों में बढ़ोतरी, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाओं में डॉक्टर व दवाओं की कमी, सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में नाली-सड़क-पेयजल की समस्या, किसानों की सिंचाई व फसल मूल्य की परेशानी और सुनालिया पुल से सीतामढ़ी मार्ग की खराब स्थिति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
पार्टी ने कहा कि ये मुद्दे राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता के अधिकार से जुड़े हैं। आने वाले दिनों में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।









