KORßA:-शिविरों से योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान नागरिकों तक पहुंचेगा-उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन
’टी.पी. नगर में सेवा संकल्प शिविर, 89 आवेदन प्राप्त’
कोरबा, 3 अक्टूबर 2026/
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” शिविर का आयोजन टी.पी. नगर जोन कार्यालय परिसर में किया गया। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। टी.पी. नगर जोन क्षेत्र में आयोजित शिविर में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक अलग-अलग स्तर पर सेवा सेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ देने के साथ उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। उन्होंने इसे आम नागरिकों के लिए लाभकारी पहल बताया।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। सेवा संकल्प शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के आयोजन से नागरिकों को राहत मिल रही है।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने जिला एवं निगम प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम कोरबा के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि टी.पी. नगर जोन का नाम ‘संकल्प’ है और निगम का प्रयास है कि सभी सेवाएं अंतिम छोर तक पहुंचें।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
शिविर में उद्योग मंत्री, महापौर, सभापति, आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान मोर मकान-मोर आवास योजना के तहत आवास की चाबी, श्रद्धांजलि योजना के चेक, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एलओआर, श्रम विभाग की मुख्यमंत्री महतारी योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये के चेक, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ, वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र वितरित किए गए। इस दोैरान एमआईसी के सदस्य श्री नरेन्द्र देवांगन, पार्षदगण, पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, श्री गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह आदि उपस्थित रहे।
कोरबा जोन में 6 अक्टूबर को शिविर
नगर निगम द्वारा आयोजित शिविरों की अगली कड़ी में 6 अक्टूबर को कोरबा जोन में शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 8 अक्टूबर को कोसाबाड़ी जोन, 9 अक्टूबर को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन, 10 अक्टूबर को बालको जोन, 13 अक्टूबर को दर्री जोन और 14 अक्टूबर को सर्वमंगला नगर जोन में सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार” शिविर आयोजित किए जाएंगे।









