KORBA -10 दिन में पंडरीपानी सचिव का स्थानांतरण नहीं हुआ तो चक्काजाम की चेतावनी………
जनपद सदस्य-पंच व ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा पत्र
कोरबा। ग्राम पंचायत पंडरीपानी की सचिव श्रीमती साधना एक्का के अन्यत्र स्थानांतरण की मांग को लेकर जनपद सदस्य, पंच एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को पत्र सौंपा है। पत्र में सचिव के करीब 7 वर्षों से ग्राम पंचायत में पदस्थ होने का उल्लेख करते हुए तत्काल स्थानांतरण की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से स्थानांतरण नहीं होने के कारण पंचायत में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पत्र के अनुसार, पूर्व कार्यकाल में सचिव के व्यवहार को लेकर ग्रामीणों एवं पंचों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई थी। वर्तमान में सचिव के पंचायत नहीं आने तथा मोबाइल पर संपर्क करने पर फोन नहीं उठाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राशन कार्ड, आवास सहित विभिन्न कार्यों के लिए राशि की मांग किए जाने से पंच एवं ग्रामवासी परेशान हैं। इस संबंध में जनपद एवं जिला स्तर के अधिकारियों तथा सरपंच से बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने की बात पत्र में कही गई है।
10 दिन की मोहलत, चक्काजाम की चेतावनी
पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि 10 दिनों के भीतर सचिव साधना एक्का का ग्राम पंचायत पंडरीपानी से अन्यत्र स्थानांतरण नहीं किया गया, तो जनपद सदस्य, पंच एवं ग्रामीणों द्वारा एकजुट होकर नकट्टीदार से बरबसपुर मार्ग, पंडरीपानी मेन रोड पर चक्काजाम किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होने की बात भी पत्र में कही गई है।
पत्र की प्रतिलिपि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया, पुलिस अधीक्षक कोरबा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोरबा, उप संचालक पंचायत कोरबा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा को भी प्रेषित की गई है।









