

KORßA:-जिला सीईओ प्रतीक जैन ने ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने दिए निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने 8 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तरूण किरण, आईएएस सहित अधिकारियों ने ग्रामीण आवास, डबरी, बालिका शौचालय, स्कूल एवं छात्रावास सहित आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों, सरपंच-सचिवों एवं हितग्राहियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सीईओ ने ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम सरायपाली में VB-GRAMG के तहत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद अजगरबहार में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का जायजा लिया तथा हितग्राहियों से मुलाकात कर अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं मखुरपानी में जनमन आवासों के पूर्ण होने की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

अजगरबहार प्राथमिक शाला में सीईओ ने बच्चों से गिनती, जोड़-घटाव और पहाड़े पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति जानी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद स्कूल हॉस्टल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा एनआरएलएम की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों एवं आर्थिक सशक्तिकरण के संबंध में चर्चा की।

गढ़ उपरोड़ा में VB-GRAMG के तहत निर्मित डबरी का निरीक्षण किया गया। साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए सरपंच एवं सचिव को निर्देश दिए गए।

देवपहरी के आश्रित ग्राम तीतरडाड में बालिका शौचालय एवं पीएम जनमन आवास का निरीक्षण किया गया। सीईओ ने संबंधित ठेकेदारों एवं मैदानी अमले से चर्चा कर अधूरे कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तरूण किरण, आईएएस, अनुविभागीय अधिकारी आदित्य दुबे, कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष मिश्रा, तकनीकी सहायक निखिल गुप्ता एवं प्रीति तिवारी सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









