JANJGIR-CHAMPA: शिवरीनारायण में स्कूल बसों पर यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त चेकिंग कार्रवाई, 1 बस जब्त, 2 पर 7000 का जुर्माना; 7 दिन का अल्टीमेटम
- शिवरीनारायण में स्कूल बसों पर यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त चेकिंग कार्रवाई
- एक स्कूल बस जब्त, दो बसों पर ₹7,000 का जुर्माना
- स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों की गई जांच, सुरक्षा मानकों का किया गया निरीक्षण
- स्कूल प्रबंधन को भी दिए गए निर्देश, कमियां दूर करने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम
- स्कूली बच्चों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए, यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं स्कूल बसों का सुरक्षित संचालन कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा शिवरीनारायण क्षेत्र में स्कूल बसों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक स्कूल बस को जब्त किया गया तथा दो बसों के विरुद्ध कुल ₹7,000 की चालानी कार्रवाई की गई।
स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों की हुई जांच
संयुक्त टीम द्वारा शिशु मंदिर एवं ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कमियां दूर करने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम
जांच के दौरान अन्य स्कूल बसों में पाई गई छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को सात दिवस के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बस चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।
स्कूल प्रबंधन को भी दिए गए निर्देश
पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के परिवहन में उपयोग होने वाले सभी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उक्त जांच अभियान के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) विवेक सिन्हा एवं निरीक्षक रामकुमार जैन यातायात उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










