




KORßA:-चचिया धान खरीदी केंद्र विवाद, किसानों ने पसरखेत में ऑनलाइन खरीदी शुरू कराने की मांग की कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
कोरबा। धान खरीदी केंद्र चचिया के स्थल चयन को लेकर किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्राम पंचायत मदनपुर, कोल्गा, पसरखेत, गेरांव सहित क्षेत्र के किसानों ने सर्वसम्मति से धान खरीदी केंद्र पसरखेत में संचालित करने की मांग की है।
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम चचिया में विगत 4 वर्षों से धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है, लेकिन उक्त भूमि निजी भूमि है। शासकीय भूमि खसरा नंबर 65/1 लगभग 40-50 डिसमिल मैदान है, बाकी शेष भूमि पहाड़ एवं चट्टान है। मैदानी इलाका संजू सिंह वल्द माखन सिंह के नाम पर दर्ज है, जिसका खसरा नंबर 65/5, 68/6, 65/7 एवं 68/8 है। भूमि स्वामी द्वारा सीमांकन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है, लेकिन बरसात के कारण सीमांकन नहीं हो पाया। भूमि स्वामी ने शासन को पत्र देकर आपत्ति भी दर्ज कराई है।
किसानों का आरोप है कि ग्राम चचिया के एक वर्ग विशेष एवं बाहुबलियों द्वारा शासन पर दबाव बनाकर पूर्व के विवादित स्थल पर ही धान खरीदी कराने के लिए विवाद किया जा रहा है। इस समस्या के कारण सभी किसानों ने सर्वसम्मति से धान खरीदी हेतु स्थान पसरखेत का चयन कर शासन को सूचित किया।
किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा ग्राम पसरखेत में भूमि का चिन्हांकन कर भूमि पूजन किया गया और दिनांक 23.11.2026 को धान खरीदी का कार्य ऑफलाइन प्रारंभ हो चुका है, लेकिन ऑनलाइन नहीं हो रहा है।
किसानों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत पसरखेत में चिन्हांकित भूमि पर धान खरीदी को ऑनलाइन कर खरीदी कराई जाए, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
ज्ञापन में सरपंच ग्राम पंचायत मदनपुर संतराम राठिया, सरपंच कोल्गा, सरपंच गेरांव, सरपंच पसरखेत शिला सहित अन्य किसानों के हस्ताक्षर हैं।



