AAP सांसद ने दिया इस्तीफा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से की मुलाकात
संजीव अरोड़ा को हाल ही में आम आदमी पार्टी ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ाया था और उन्होंने जीत हासिल की है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को सौंपा। संजीव अरोड़ा को हाल ही में आम आदमी पार्टी ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ाया था और उन्होंने जीत हासिल की है।
उपराष्ट्रपति ने स्वीकार किया AAP सांसद का इस्तीफा
विधायक बनने के बाद संजीव अरोड़ा को सांसद पद से इस्तीफा देना ही था। संजीव अरोड़ा का इस्तीफा भी तत्काल प्रभाव से उपराष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। संविधान के अनुच्छेद 101 3(B) के तहत उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया है।
बता दें कि 23 जून को लुधियान वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आए थे, जिसमें संजीव अरोड़ा ने जीत हासिल की थी। बीते शनिवार को ही संजीव अरोड़ा ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से चुने गए विधायक पद की शपथ ली है। पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष ने उन्हें शपथ दिलवाई।