KORBA :-महिला एवं बाल विकास परियोजना चोटिया में आंगनबाड़ी भर्ती में भ्रष्टाचार का लगा आरोप-जांच की मांग
- जनपद पोड़ी-उपरोड़ा अध्यक्ष माधुरी तंवर ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
- कलेक्टर ने दिया जांच का आश्वासन
कोरबा (ईएमएस) महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना चोटिया के विवादास्पद प्रभारी परियोजना अधिकारी के खिलाफ निर्णायक जंग पर जनपद पोड़ी-उपरोड़ा के सदस्य उतर गए हैं। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की अध्यक्षा श्रीमती माधुरी तंवर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर 11 बिंदुओं में जांच की मांग की है। पोड़ी-उपरोड़ा की अध्यक्षा ने बताया कि कलेक्टर साहब ने जांच का आश्वासन दिया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना चोटिया में एक साल पूर्व 76 पदों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए भर्ती विज्ञापन विभाग द्वारा निकाला गया था। परियोजना चोटिया में प्रभारी परियोजना अधिकारी के रूप में वे इस समय भी सेवारत हैं, लेकिन उनकी मनमानी कार्यशैली से जनपद सदस्य त्रस्त हैं और उन्हें हटाने की पुरजोर मांग कर रहे हैं। आरोप हैं की एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उनके द्वारा आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।
सदस्यों ने उक्त प्रभारी अधिकारी को हटाकर दूसरे अधिकारी को प्रभार देने की भी मांग की है, ताकि भर्ती प्रक्रिया को पूरी की जा सके और नौनिहालों की शिक्षा, पोषण आहार, मातृ-शिशु पोषण आहार निर्बाध गति से चल सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग कोरबा की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश ने कहा है कि जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की अध्यक्षा माधुरी तंवर द्वारा कलेक्टर से जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा गया था, जिसे मार्क कर उनका निर्देश मिला है, जांच की कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती रेणु प्रकाश ने बताया कि ज्ञापन में 11 बिन्दुओं पर अध्यक्षा ने जांच चाही है।
