विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत लेमरू में 10 अगस्त को होगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
- ग्रामीणों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सको की सेवाएं
- औषधि व उपचार निःशुल्क
कोरबा । विश्व आदिवासी मूलनिवासी दिवस के उपलक्ष्य में “आदिवासी सांस्कृतिक सेवा केंद्र” द्वारा 10 अगस्त, रविवार को ग्राम पंचायत लेमरू में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ग्राम पंचायत लेमरू की सरपंच रजनी तंवर के नेतृत्व में होगा।
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में लगभग 15 से अधिक अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श और उपचार हेतु अपनी सहभागिता देंगे। ग्रामीणों को न केवल निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं दी जाएंगी, बल्कि औषधि का वितरण भी पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के लोगों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें दूर-दराज के चिकित्सालयो तक न जाना पड़े।
उक्त आयोजन में सरपंच भूकेश्वर सिंह पैकरा, सरपंच अनिता मंझवार, सरपंच पवनकुमारी मंझवार, हीराबाई राठिया सरपंच, रमीलाबाई मंझवार सरपंच, जनपद सदस्य आनंद मंझवार सहित आसपास के गांवों के सरपंच, पंच, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहेंगे। सरपंच रजनी तंवर ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर से ग्रामीणों को समय पर इलाज, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और जीवनशैली सुधारने का मार्गदर्शन मिलेगा।
