लगभग 5 फीट का कोबरा फंसा बास्केट में-भागा दुकानदार
नोवा नेचर टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा । कोरबा जिले की एक राशन दुकान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक प्लास्टिक बास्केट में 5 फीट का कोबरा फंसा हुआ मिला। सांप को फन फैलाए और फुंकार मारते देख दुकानदार डरकर दुकान छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
दुकानदार ने पहले किसी तरह हिम्मत कर उस प्लास्टिक बास्केट को दुकान से बाहर निकाला। कोबरा उसमें पूरी तरह से फंसा हुआ था और आसानी से बाहर नहीं निकल पा रहा था। इसकी सूचना नोवा नेचर संस्था के जितेंद्र सारथी को दी गई। कुछ देर बाद संस्था के सचिव मोइज अहमद और बबलू मारवा दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी से प्लास्टिक के बास्केट को धारदार हथियार से काटा। काफी मशक्कत के बाद कोबरा सांप बास्केट से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच गई। सांप के सुरक्षित निकलने के बाद दुकान मालिक ने राहत की सांस ली। बाद में कोबरा को सुरक्षित उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
दुकान संचालक ने बताया कि ग्राहक सामान लेने दुकान पर आए थे। जब वह सामान लेने अंदर गए, तो सांप को प्लास्टिक की टोकरी में फंसा देखा। फन और फुंकार सुनकर वह तुरंत दुकान छोड़कर बाहर भागे और स्नेक कैचर टीम को सूचना दी।
