
कोयला परिवहन के लिए जिला प्रशासन से सुरक्षित व वैकल्पिक सड़क उपलब्ध कराने करी मांग
कोरबा । कोरबा-पश्चिम में एसईसीएल की कोयला खदानों से कोयला ढोने वाले ट्रक-ट्रेलर मालिक एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से सुरक्षित व वैकल्पिक सड़क उपलब्ध कराने मांग करी है। इस मसले को लेकर एसोसिएशन ने तिलक भवन में मीडिया से चर्चा की।
एसोसिएशन की ओर से सुबोध सिंह ने कहा कि उरगा से कनकी के बीच हसदेव नदी पर स्थित पुल टूट गया है। प्रशासन ने इस पुल को गाड़ियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यहां से आने-जाने पर रोक लगा दी है लेकिन जो वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया गया है उसकी स्थिति ठीक नहीं है।
रिसदी चौक के पास ढेंगुर नाला पर स्थित पुल की हालत जर्जर है। यह पुल कभी भी धंस सकता है। अपनी समस्याओं को लेकर ट्रांसपोर्टरों ने कहा है कि जिला प्रशासन उन्हें सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराए या जर्जर सड़क के कारण होने वाले हादसों की जिम्मेदारी ले। ट्रांसपोर्टरों ने अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को बताया। प्रशासन ने आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिया है।
