KORBA:ग्राम लाफा के सचिव से ग्रामीण परेशान, विकास कार्य बाधित

दोहरा नहीं, स्वतंत्र प्रभार वाले साचिव की पदस्थापना मांगी कलेक्टर से
कोरबा। ग्राम पंचायत लाफा, जनपद पंचायत पाली के सचिव दूजे कुमार शिन्दे का अन्यत्र ग्राम पंचायत में स्थानांतरण करने की मांग यहां के ग्रामवासियों ने की है।
जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामवासियों ने कलेक्टर के नाम आवेदन में बताया है कि ग्राम पंचायत लाफा जनपद पंचायत पाली के सचिव दूजे कमार शिन्दे के द्वारा पंचायत के कार्यों में लापरवाही व मनमानी पूर्वक कार्य प्रणाली से आम जनता को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण ग्राम पंचायत का विकास कार्य ठप्प पड़ गया है। ग्रामीणों के मुताबिक :-
2 अक्टूबर 2025 के बाद से आज पर्यन्त तक न कोई ग्राम सभा लिया गया है और न ही पंचायत बैठक लिया गया है।
ग्राम पंचायत लाफा में उनकी उपस्थिति नगण्य है। महीने में एक बार ग्राम पंचायत में आते हैं और बिना कार्यालय में उपस्थित हुए, बिना रोजगार सहायक से मिलकर वापस चले जाते हैं।
उनके इस कृत्य से ग्रामीणजनों के पेंशन प्रकरण, राशन कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता प्रकरण, जन्म-मृत्यु पंजीयन आदि कार्य लंबित स्थिति में हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 का 15 वें वित्त मद में शेष राशि लगभग 22 लाख रूपये का बिना पंचायत प्रस्ताव पास किए, राशि का व्यय किया गया है जिसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं है व मनमाने ढंग से निकलवा लिया गया है।
ग्राम पंचायत लाफा के द्वारा जो भी कार्य करवाया जा रहा है वह पूर्णतः गुणवत्ताबिहीन है एवं आहरण राशि बिना पंचायत प्रस्ताव निकालकर बन्दर बांट किया जा रहा है।
पंच प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा इस संदर्भ में जानकारी लेने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, और अतिरिक्त पंचायत का प्रभार भी है और कार्यभार ज्यादा है, मैं अपने हिसाब से कार्य करूंगा, ऐसा बोला है।
कलेक्टर से निवेदन किया गया है कि ग्राम पंचायत लाफा के विकास व आम जनता के परेशानी को दृष्टिगत रखते हुए स्वतंत्र सचिव जिसको दोहरा प्रभार न हो, ऐसे सचिव की नियुक्ति की जावे ताकि वह अपनी कार्यक्षमता ग्राम पंचायल लाफा के विकास में दे सके।
