
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:पानी,और आइसक्रीम फैक्ट्रियों से नमूने जब्त,……जांच टीम ने इन सभी जब्त नमूनों को रायपुर स्थित फूड लैब भेज
कोरबा। कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पानी और आइसक्रीम बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत की गई।
दीपका स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज से “Smart Water” ब्रांड के पानी पाउच (ड्रिंकिंग वाटर) के नमूने जब्त किए गए। इसी तरह, मुड़ापार कोरबा में संचालित फ्लेक्सो आइसक्रीम फैक्टरी से भी आइसक्रीम के नमूने लिए गए।
जांच टीम ने इन सभी नमूनों को रायपुर स्थित फूड लैब भेज दिया है। वहां इनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार विस्तृत जांच की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान, दोनों फर्मों को FSSAI के नियमों के तहत संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
जिला खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नमूनों की रिपोर्ट 15 से 20 दिनों के भीतर आ जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भगत ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले बिना लाइसेंस के संचालित एक फैक्ट्री को सील किया गया था। गर्मी का मौसम शुरू होते ही आइसक्रीम, पेप्सी, पानी पाउच और पानी बोतल की मांग बढ़ जाती है, जिसके चलते कई फैक्ट्रियां नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही हैं। विभाग की टीम ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता, पैकिंग और एक्सपायरी डेट पर विशेष नजर रख रही है।
विभाग की नजर उन दुकानों, ठेलों और गुमठियों पर भी है, जहां पानी की बोतलें और पाउच बेचे जा रहे हैं। इन उत्पादों की निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और निर्धारित मूल्य की भी जांच की जाएगी। ऐसी शिकायतें मिली हैं कि कई स्थानों पर रू.15 की पानी बोतल रू.20 में और रू.2 का पानी पाउच रू.3 में बेचा जा रहा है। संबंधित अधिकारियों से इन मामलों पर भी कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
