सुशासन तिहार में शिकायतों पर सख्ती: कनकी-सरगबुंदिया के सचिव हटे, आदेश न मानने पर जिला पंचायत सीईओ नाराज
कोरबा, 15 जून। मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार अभियान में सामने आई शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत कनकी और सरगबुंदिया में पंचायत सचिवों के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दोनों सचिवों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
हटाए गए सचिवों के स्थान पर गितेंद्र जायसवाल को नया पंचायत सचिव नियुक्त किया गया है और उन्हें दोनों पंचायतों का प्रभार सौंपा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी संबंधित सचिवों द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। इस लापरवाही पर जिला पंचायत सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। आदेश की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
सुशासन तिहार के तहत गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई को उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।



