सफलता की कहानी//
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना बनी सहारा, श्रवण दास मानिकपुरी को मिली नई ऊर्जा
कोरबा, 21 जून 2026/
पाली विकासखंड के ग्राम पुलालीकला के किसान श्री श्रवण दास मानिकपुरी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित होकर बेहद प्रसन्न हैं। योजना की 23वीं किस्त की राशि उनके बैंक खाते में सफलतापूर्वक प्राप्त हुई है, जिससे उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहयोग मिला है।
श्री मानिकपुरी बताते हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण और लाभकारी योजना है। इस योजना के माध्यम से समय-समय पर मिलने वाली सहायता राशि से बीज, खाद तथा अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सुविधा होती है। इससे खेती की लागत का कुछ भार कम होता है और किसानों को आत्मविश्वास के साथ खेती करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा, मैं स्वयं को उन भाग्यशाली किसानों में शामिल मानता हूँ जिनके खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि नियमित रूप से प्राप्त होती है। यह सहायता हमारे लिए बहुत उपयोगी साबित हो रही है।
श्री श्रवण दास मानिकपुरी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए भारत सरकार एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने और कृषि कार्यों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना का लाभ सीधे किसानों के खाते में पहुंचने से पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है और किसानों का विश्वास बढ़ा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित किसान आज अधिक आत्मनिर्भरता के साथ खेती कर रहे हैं तथा कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
क्रमांक 489/सुरजीत/फोटो क्रमांक- 13
खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में कोरबा ने रचा नया कीर्तिमान, लगातार तीसरी बार राज्य में प्रथम स्थान प्राप्तकोरबा 21 जून 2026/
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा निर्धारित विभिन्न मानकों और दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करते हुए कोरबा जिले ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार छत्तीसगढ़ राज्य के फूड सेफ्टी इंडेक्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि कोरबा ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान बरकरार रखा है। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले ने अपनी रैंकिंग में सुधार करते हुए पिछले वर्ष के 118वें स्थान से आगे बढ़कर 112वें स्थान पर अपनी पहचान स्थापित की है।
जिले की इस सफलता के पीछे खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सतत निगरानी, जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, लाइसेंस एवं पंजीयन की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे अनेक महत्वपूर्ण प्रयास शामिल हैं। निर्धारित सभी मापदंडों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने के परिणामस्वरूप कोरबा ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है।
इस उल्लेखनीय सफलता में कलेक्टर मार्गदर्षन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री विकास भगत एवं श्री संघर्ष कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए सतत प्रयासों, प्रभावी निरीक्षणों एवं जनजागरूकता गतिविधियों की व्यापक स्तर पर सराहना की जा रही है। उनके नेतृत्व और समर्पण ने जिले को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जिले की इस उपलब्धि से न केवल खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। कोरबा की यह सफलता अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा का विषय बनी हुई है।

