KORBA:-रेलवे ओवरब्रिज हत्याकांड: वारदात के 1 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने अकेले दबिश देकर पकड़ा
रेलवे ओवरब्रिज हत्याकांड: वारदात के 1 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने अकेले दबिश देकर पकड़ा
*कोरबा। शहर को दहला देने वाली रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हमाल की हत्या की वारदात में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सबसे अहम बात यह रही कि सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी अपने चालक आरक्षक रामचंद्र राजपूत के साथ सीधे मोतीसागर पारा पहुंचे और अकेले ही दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सुबह विवाद, दोपहर में कर दी हत्या
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। सुबह मृतक हमाल और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। दोपहर में दोनों रेलवे ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक लाठी उठाकर सो रहे हमाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से हमाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलते ही एक्टिव हुई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई। तलाश शुरू की गई और एक घंटे के भीतर आरोपी को मोतीसागर पारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या का केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



