KORBA:-अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस: ब्रह्माकुमारीज का जनजागरण अभियान, हजारों लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कोरबा, 26 जून । अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कोरबा के 17 जून से 26 जून तक चलाए गए नशामुक्ति शपथ एवं जनजागरण अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज कोरबा सेवा केन्द्रों ने जिले भर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में हुए कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
_पाली में 79 कार्यक्रम, कोरबा-गेवरा तक पहुंचा अभियान_
इस अभियान के अंतर्गत अकेले पाली क्षेत्र में 79 जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए। वहीं गेवरा के कोल परियोजना क्षेत्रों, कोरबा के सेंट जेवियर्स स्कूल, साउथ ईस्टर्न रेलवे स्कूल, ब्रह्माकुमारीज विश्व सद्भावना भवन टीपी नगर, गेरवाघाट स्थित आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क, तुलसी नगर सहित अनेक स्थानों पर नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के कई ग्रामीण अंचलों में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
_राजयोग से बताया तनावमुक्त जीवन का रास्ता_
कार्यक्रमों में ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाईयों ने नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और परिवार की खुशियों को नष्ट कर देता है। वहीं आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग ध्यान और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन व्यक्ति को आत्मबल, सकारात्मक सोच और सही निर्णय लेने की शक्ति प्रदान करता है। सभी को तनावमुक्त एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
_हजारों ने ली शपथ_
अभियान के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, औद्योगिक कर्मियों एवं ग्रामीणों सहित हजारों लोगों ने शपथ ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार को नशे से दूर रखेंगे तथा समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जनजागरण फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
ब्रह्माकुमारीज के इस व्यापक जनजागरण अभियान को सभी स्थानों पर उत्साहपूर्ण सहभागिता मिली। उपस्थित लोगों ने कहा कि आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक शिक्षा और सामूहिक जनसहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है। जिला प्रशासन एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त प्रयास ने समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया।



