KORBA:-कोरबा में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ: मंत्री लखन लाल देवांगन ने पिलाई “जिंदगी की दो बूंद”
97.77% लक्ष्य हासिल, पहले दिन 1 लाख 68 हजार 578 बच्चों को पिलाई गई दवा
कोरबा | भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार 28 जून 2026 को रानी धनराज कुंवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, राजेंद्र जायसवाल, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष, जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. बी. आर. रात्रे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेष, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक सिंह राज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती ज्योत्स्ना ग्वाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पालक, बच्चे एवं अस्पताल कर्मी उपस्थित थे। इसी प्रकार जिले के सभी विकासखंडों में भी पोलियो बूथों पर दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत और उद्बोधन से हुई। डॉ. एस. एन. केशरी ने पल्स पोलियो अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के कार्यों की सराहना करते हुए जिले के नागरिकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
पहले दिन 97.77% लक्ष्य पूरा
डॉ. केशरी ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका है, लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए भारत की पोलियो मुक्त स्थिति को बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में 0 से 5 वर्ष के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। अभियान के पहले दिन 28 जून 2026 को 1 लाख 68 हजार 578 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। जिले का प्रथम दिवस का प्रतिशत 97.77% रहा।
लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए जिले में 1578 टीकाकरण बूथ बनाए गए थे। इसके साथ ही मोहल्लों, चौक-चौराहों, हाट-बाजारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी विशेष व्यवस्था की गई थी। अभियान की निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
मॉपअप दिवस 29 और 30 जून
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 29 एवं 30 जून 2026 को मॉपअप दिवस मनाया जाएगा। इन दो दिनों में टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
कलेक्टर एवं सीएमएचओ ने आमजन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे मॉपअप दिवसों में सहयोग कर 0 से 5 वर्ष के सभी छूटे हुए बच्चों तक “जिंदगी की दो बूंद” पहुंचाने में मदद करें।




