कटघोरा। कटघोरा को जिला घोषित करने की मांग को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं ने अब पुनः आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसी सिलसिले में अधिवक्ता संघ कटघोरा के द्वारा अधिवक्ता कक्ष क्रमांक- (01) में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संघ के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई तथा बैठक के दौरान कटघोरा को जिला बनाए जाने की आवश्यकता और इसके औचित्य पर वरिष्ठ वकीलों द्वारा गहन विचार-विमर्श किया गया। सभी ने एक सुर में कहा कि कटघोरा जिला बनने के सभी मापदंडों को पूरा करता है, और अब इसे जिला बनाया जाना बेहद जरूरी है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पुरजोर तरीके से पहुंचाने के लिए आगामी 6 जुलाई, दिन सोमवार को पूरे कटघोरा शहर में एक वृहद (विशाल) बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरेगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम (SDM) कटघोरा को सौंपा जाएगा।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल वकीलों तक सीमित नहीं रहेगा। सोमवार को होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के पश्चात, इस मुहिम को और गति देने के लिए क्षेत्र के सभी सामाजिक, व्यापारिक और जन संगठनों के साथ बैठक की जाएगी। सभी संगठनों को एक मंच पर लाकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
“कटघोरा को जिला बनाना यहाँ की जनता का अधिकार आगामी 6 जुलाई (सोमवार) की बाइक रैली इस आंदोलन की शुरुआत है, जिसे आगे चलकर सभी जन संगठनों के सहयोग से और बड़ा रूप दिया जाएगा।”उक्त जानकारी अधिवक्ता संघ के द्वारा दी गई।



