KORBA: -15 वर्षों से स्वच्छ पेयजल की समस्या झेल रहे बरपानी मिराईडांड के ग्रामीण, कलेक्टर से लगाई गुहार
कोरबा l लगभग 15 वर्षों से स्वच्छ पेयजल की समस्या झेल रहे कोरबा जिले के ग्रामीणों ने अब कलेक्टर से मदद मांगी है। ग्राम पंचायत देवपहरी के आश्रित ग्राम बरपानी मिराईडांड, मोहल्ला पहाड़ी कोरवा के निवासियों ने ज्ञापन सौंपकर सोलर आधारित जल सुविधा की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरी में यहां के लगभग 12 परिवार डोडी नाले और अन्य असुरक्षित स्रोतों का पानी पीने को मजबूर हैं। दूषित पानी पीने से लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं।
समस्या गर्मियों में और बढ़ जाती है। उस समय नाले सूख जाते हैं और ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ता है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मोहल्ले में जल्द से जल्द सोलर पैनल आधारित जल सुविधा या कोई अन्य स्थायी पेयजल व्यवस्था स्थापित की जाए। ज्ञापन पर सभी ग्रामीणों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी दर्ज हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि 15 साल पुरानी इस समस्या का अब स्थायी समाधान किया जाए ताकि उन्हें स्वच्छ पानी मिल सके।



