KORßA:-मूसलाधार बारिश में वार्ड 18 को राहत: जलभराव की सूचना पर मौके पर पहुंचे पार्षद नरेंद्र देवांगन, घंटों की मशक्कत से निकला पानी



कोरबा। लगातार मूसलाधार बारिश से कोरबा शहर के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर निगम के वार्ड 18 अंतर्गत ढेंगुरनाला, बरपारा और कोहड़िया क्षेत्र में दो दिन की तेज वर्षा से गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई। नदी-नालों से सटे इस इलाके में बारिश का पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलभराव की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन बारिश के बीच मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय कर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई। घंटों चली मशक्कत और लगातार निगरानी के बाद पानी निकाला गया, जिससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों ने पार्षद की तत्परता की सराहना की। लोगों का कहना है कि नरेंद्र देवांगन सिर्फ जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। बिजली, सड़क, नाली या जलभराव की समस्या हो, वे स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान कराते हैं। इसी वजह से वार्डवासियों का उन पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
बारिश जैसी विषम परिस्थिति में किए गए इस त्वरित हस्तक्षेप से न सिर्फ जलभराव की समस्या कम हुई, बल्कि क्षेत्र में हालात सामान्य होने लगे। नागरिकों ने कहा कि संकट की घड़ी में जनता के बीच मौजूद रहना ही एक जनप्रतिनिधि की असली पहचान है।



