निष्क्रिय सचिव को हटाने की मांग, सरपंच ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सरपंच ने संबंधित सचिव पिछले 14–15 वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, जिससे एकाधिकार जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
सरपंच ने संबंधित सचिव पिछले 14–15 वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, जिससे एकाधिकार जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत तीलीपाली की सरपंच श्रीमती रमीला महलहर राठिया ने ग्राम पंचायत के सचिव मनबहाल राठिया को तत्काल हटाने और अन्य सचिव की पदस्थापना की मांग को लेकर कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान सचिव की निष्क्रिय कार्यप्रणाली के कारण पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई विकास कार्य ठप पड़े हैं तथा ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है और पंचायत प्रतिनिधियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच ने यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित सचिव पिछले 14–15 वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, जिससे एकाधिकार जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत के कार्यों का सही ढंग से संचालन नहीं हो रहा है और ग्राम सभा में भी सचिव की निष्क्रियता सामने आ रही है।
सरपंच ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम पंचायत तीलीपाली की समस्याओं को गंभीरता से देखते हुए वर्तमान सचिव का अन्यत्र स्थानांतरण कर नए सचिव की पदस्थापना की जाए, ताकि पंचायत के विकास कार्यों में तेजी आए और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।



