युवा जननेता नरेंद्र देवांगन को भाजपा ने दी बड़ी जिम्मेदारी, बने नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के दुर्ग संभाग प्रभारी और प्रदेश कार्य समिति सदस्य
*कोरबा।* भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। पार्टी ने कोरबा के लोकप्रिय निर्विरोध पार्षद, युवा जननेता एवं कुशल संगठनकर्ता नरेंद्र देवांगन को भाजपा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ का दुर्ग संभाग प्रभारी नियुक्त किया है। साथ ही उन्हें प्रदेश कार्य समिति का सदस्य भी बनाया गया है।
यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति और नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक किशोर राय की अनुशंसा पर की गई है।
नरेंद्र देवांगन लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़कर काम कर रहे हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा कोरबा के जिला महामंत्री के रूप में उन्होंने संगठन विस्तार में अहम भूमिका निभाई। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बूथ स्तर तक पार्टी की रणनीति पहुंचाने और कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
हाल ही में संपन्न नगरीय निकाय चुनाव में वे पार्षद पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। जनता के विश्वास और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दुर्ग संभाग जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति की खबर के बाद कोरबा सहित प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से दुर्ग संभाग में संगठन और मजबूत होगा।



