“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान: देर रात गुंडे और निगरानी बदमाशों के घरों पर कोरबा पुलिस की सघन चेकिंग
कोरबा । अपराधों पर नियंत्रण और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत देर रात बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने जिले के गुंडे, निगरानी बदमाश और असामाजिक तत्वों के घरों पर पहुंचकर सघन चेकिंग और सत्यापन किया। यह कार्रवाई उन व्यक्तियों पर की गई जिनके जिला बदर किए जाने हेतु वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे गए हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा अपराध में संलिप्त पाए गए या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कोरबा पुलिस का संदेश साफ है — अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।



