KORßA:-संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का 6 माह का समरसता संकल्प अभियान, मंदिरों में जलेंगे 650 दीप


संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती: भाजपा चलाएगी 6 माह का “समरसता संकल्प अभियान”, मंदिरों में जलेंगे 650 दीप
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर के साथ-साथ कोरबा जिले में भी छह माह का समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उदेश्य संत रविदास जी के समरसता, सामाजिक न्याय, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के सभी वर्गों के बीच सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है
उक्त जानकारी मंगलवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने संयुक्त रूप से दी।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समता, सद्भाव और मानव सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।
जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगी। अभियान के दौरान कलश यात्राएं, समरसता संवाद, सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम, संत गुरु रविदास जी के जीवन एवं विचारों पर संगोष्ठियां तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा जिले के मंडलों में 650 दीप मंदिरों में जलाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना व सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के भाव को सशक्त करना है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. विजय राठौर, जिला एससी मोर्चा अध्यक्ष राजेश लहरे, नवीन अरोड़ा, शैलेंद्र यादव, संजय राठौर, नीरज ठाकुर, अजय चंद्रा, प्रदीप सिंह और उदय श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



