व्यापारी के घर घुसकर लूट की कोशिश
- गले में चाकू अड़ाकर रूपए-पैसे मांगने का आरोप
कोरबा । जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरपी नगर फेज 2 में एक बदमाश दिनदहाड़े एक घर में घुसकर सास-बहू से लूट की कोशिश करने लगा। वह महिलाओं के गले में चाकू रखकर पैसे की मांग करने लगा। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को पकड़ लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया गया है।
बताया जा रहा हैं की मकान मालिक की निहारिका क्षेत्र में एक कम्प्यूटर दुकान है। उक्त मकान में दोपहर को पत्नी और सास प्रेमलता घर पर मौजूद थीं। तभी एक युवक मेन गेट खोलकर अंदर कमरे में घुसा। उसने मोबाइल पर बात कर रही सास के गले में चाकू रखकर पैसे मांगने लगा। वह अपने बेटे को बीमार बताकर पैसे की मांग कर रहा था। डरी-सहमी सास को देख बहू बाहर आई और उसने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद बदमाश ने उसके गले में भी चाकू अड़ा दिया। इस दौरान सास का मोबाइल चालू था। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में घुसकर आरोपी को पीछे से पकड़ लिया।
इस बीच-बचाव के दौरान बहू की उंगली में चोट आई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान खरसिया के नाभांठा निवासी के रूप में की गयी है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि कथित आरोपी को पकड़ लिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।
