छत्तीसगढ़:-भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक हुए लूट के शिकार…
रायपुर 18 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की घटनाओं के बीच सोमवार सुबह हुई एक वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट की घटना का शिकार हो गए। खास बात यह है कि यह घटना ऐसे समय हुई, जब प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठकें कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचा और उनके हाथ में रखा मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के समय कौशिक अकेले थे। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए। दिनदहाड़े हुए मोबाइल लूट की इस वारदात के बाद अब पुलिस घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लग सकी है।
