KORßA:-मलेरिया प्रभावित क्षेत्र विमलता और रफता का 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात-सीएमएचओ ने किया निरीक्षण

कोरबा। जिले के मलेरिया प्रभावित ग्राम विमलता एवं रुक्ता में बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात कर दी है। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने दोनों गांवों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रभावित मरीजों के उपचार और रोकथाम कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने मेडिकल टीम द्वारा संचालित रैपिड फीवर सर्वे, मलेरिया किट से जांच, ब्लड स्लाइड संग्रह, दवाइयों की उपलब्धता तथा लार्वा नियंत्रण जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बुखार पीड़ित एवं उसके परिवार के सदस्यों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा स्थिति सामान्य होने तक नियमित निगरानी जारी रखी जाए।
सीएमएचओ डॉ. केशरी ने बताया कि कोरबा विकासखंड के ग्राम विमलता एवं रफता में अब तक 41 मलेरिया पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद एहतियात के तौर पर दोनों गांवों में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की गई हैं। सामान्य मरीजों का उपचार गांव में ही किया जा रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जा रहा है। एक मरीज को 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराएं, रात में मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें तथा पूरी बांह के कपड़े पहनें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उपचार और जनसहभागिता से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।



