बिलासपुर रेंज आईजी कार्यालय के दो पुलिस अधिकारियों को गरिमामय विदाई, आईजी राम गोपाल गर्ग ने सौंपे स्मृति चिन्ह…..
बेदाग करियर का सम्मान: बिलासपुर आईजी ने विशेष वाहन से घर भेजा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को_
*बिलासपुर, 30 जून।* पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में सोमवार को उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक 250 विरेन्द्र कुमार शास्त्री की सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। आईजी राम गोपाल गर्ग के सानिध्य में हुए कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों के उत्कृष्ट एवं अनुशासित सेवाकाल की सराहना की गई।
*श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित*
समारोह में आईजी श्री गर्ग ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों का कार्यकाल नए पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विशेष रूप से एसआई रामकुमार पटेल का 300 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित और बेदाग सेवाकाल अनुकरणीय है।
*अनुकरणीय सेवा सफर*
*1. उप निरीक्षक रामकुमार पटेल:*
मार्च 1984 में बिलासपुर जिले से आरक्षक के पद पर सेवा शुरू करने वाले पटेल 01-08-1997 को प्रधान आरक्षक, 10-10-2009 को एएसआई और 03-04-2020 को उप निरीक्षक बने। उन्होंने जांजगीर, कवर्धा और कोरबा में सेवा दी। 2023 से वे आईजी कार्यालय में रीडर के पद पर कार्यरत थे। पूरे सेवाकाल में उन्हें 300 से अधिक पुरस्कार मिले और कोई सजा नहीं हुई।
*2. प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री:*
03-02-1994 को बिलासपुर में चालक के पद पर भर्ती हुए शास्त्री 13-12-2016 को प्रधान आरक्षक बने। उन्होंने मुंगेली, जीपीएम जिलों में अनुशासित सेवा दी। 2021 से वे आईजी कार्यालय में पदस्थ थे।
*“मार्गदर्शन लेते रहेंगे”: आईजी*
आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विभाग को जब जरूरत होगी, इनके अनुभव और परामर्श का लाभ लिया जाएगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना की।
*सहकर्मियों ने साझा की यादें*
डीएसपी विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी और प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने भी दोनों अधिकारियों के अनुशासित कार्यकाल की सराहना की। मुख्य लिपिक संजय रावत ने कार्यक्रम का संचालन किया।
*विशेष वाहन से घर रवाना*
कार्यक्रम के अंत में आईजी श्री गर्ग ने विशेष वाहन से दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शुभकामनाओं के साथ घर के लिए रवाना किया। इस दौरान दोनों अधिकारी भावुक नजर आए और आईजी व स्टाफ का आभार जताया।
सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कहा कि वे भविष्य में भी विभाग की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी।



