


सीईओ को तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग, जनपद सदस्य व सरपंच संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर
कोरबा। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के समस्त जनपद सदस्य एवं सरपंच संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भूपेन्द्र सोनवानी को तत्काल कार्यमुक्त (रिलीव) किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि श्री सोनवानी का स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी निर्धारित समयावधि बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है। जबकि शासन के निर्देशानुसार स्थानांतरित अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्यमुक्त किया जाना आवश्यक है।
संघ ने आरोप लगाया है कि सीईओ के विरुद्ध जनपद सदस्यों एवं सरपंचों द्वारा विभिन्न अनियमितताओं और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें की गई हैं। साथ ही उनके कार्य व्यवहार को लेकर जनप्रतिनिधियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है। इसलिए उन्हें तत्काल कार्यमुक्त कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि चार दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त जनपद सदस्य एवं सरपंच जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करेंगे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर चक्का जाम और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त परिस्थितियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



