राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में गौरव राज ने जीता कांस्य पदक
अंडर-12 के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में 1:17.94 मिनट का लिया समय
कोरबा l कोरबा के उदीयमान तैराक गौरव राज ने राजस्थान के जयपुर में आयोजित 42वीं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है।
6 से 9 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गौरव ने लड़कों के ग्रुप-3 (अंडर-12 वर्ष) की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 1 मिनट 17.94 सेकंड का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर गौरव ने कोरबा जिले के साथ छत्तीसगढ़ का भी मान बढ़ाया है।
उनकी इस सफलता पर स्विमिंग एसोसिएशन कोरबा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। स्विमिंग एसोसिएशन सचिव अशोक सक्सेना ने गौरव राज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गौरव की यह उपलब्धि वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतना पूरे कोरबा जिले के लिए गर्व की बात है। एसोसिएशन ने गौरव की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।



