शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा, ₹2.04 करोड़ की ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
- निवेश के नाम पर करोड़ों का खेल खत्म, नया रायपुर से दबोचे गए ठग दंपति
- निवेशकों से ₹2 करोड़ से अधिक की ठगी, तकनीकी इनपुट से पुलिस के हत्थे चढ़े पति-पत्नी
शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
प्रार्थी हेमदत्त केशरवानी निवासी चांपा ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।
उनकी बातों में आकर प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने चेक एवं आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खाते में जमा कर दिए। आरोपियों ने केवल ₹39,99,400 वापस किए, जबकि शेष रकम लौटाने से लगातार टालमटोल करते रहे और अंततः राशि का गबन कर लिया।
तकनीकी इनपुट से नया रायपुर में दबिश
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार होकर स्थान बदलते रहे। थाना चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर करने पर उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन एवं चेकबुक जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
- हरिशंकर गुप्ता, उम्र 43 वर्ष
- श्रीमती रेखा गुप्ता उम्र 42 वर्ष
दोनों निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा जिला जांजगीर चांपा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, आदित्य प्रताप सिंह एवं थाना चांपा के स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



