KORBA:कबाड़ी का अवैध निर्माण ढहाया गया, कार्रवाई से मची खलबली
एसपी सिद्धार्थ तिवारी की सतत कार्रवाई से हौसले पस्त,अब प्रशासन का जेसीबी भी गरजा
कोरबा। कोरबा निगम क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिक निगम के वार्ड राताखार में गणेश मंदिर के सामने एक कबाड़ी के द्वारा कराए गए बड़े और अवैध निर्माण को जेसीबी के माध्यम से ढहा दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी भी यहां मौजूद रहे। नगर निगम, जिला व पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में इस अवैध निर्माण को धराशाई किया गया। बताया जा रहा है कि उक्त कबाड़ी का मकान भी बेजा कब्ज में बना हुआ है जिस पर भी जेसीबी चलाने की तैयारी थी किंतु हंगामा के कारण इसे स्थगित करना पड़ा है।
इस संयुक्त कार्रवाई को लेकर जहां कबाड़ियों के बीच खलबली मच गई है वहीं पुलिस और प्रशासन ने अपनी धमक ऐसे अवैध कारोबारियों पर बढ़ाई है। बताते चलें कि इस तरह की कार्रवाई राजधानी रायपुर व बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में हो चुकी है।
जिस कबाड़ी के अवैध निर्माण को तोड़ा गया है उसके सहित 17 लोगों को वर्षों पुराने लोहे के सरकारी पुल को काटकर बेचने के मामले में जेल दाखिल कराया जा चुका है। उसके विरुद्ध और भी अवैध कबाड़ के मामले में विभिन्न कार्रवाई की गई हैबतथा अपराध पंजीबद्ध हैं। अवैध निर्माण कर कबाड़ दुकान और बड़े-बड़े गोदाम का संचालन कर रहे दूसरे कबाड़ियों में इस कार्रवाई से खलबली मच गई है कि देर-सबेर उनका भी नंबर आ जाएगा।
वैसे बताते चलें कि जिले में कबाड़ का कारोबार बिना लाइसेंस के संचालित हो रहा है। एक-दो कबाड़ियों को छोड़ दें तो संभवत: किसी के पास कबाड़ दुकान संचालन के संबंध में वैध लाइसेंस नहीं है। कबाड़ दुकान की आड़ में चोरी का लोहा,तांबा,अल्युमिनियम, पीतल खरीदा और दूसरे जिलों में बेचा जा रहा है। मामले पकड़ में आने के बाद पुलिस पर ही दबाव बनाया जाता है, न्यायालय में फर्जी बिल पेश कर पुलिस को ही कटघरे में खड़ा करने की कोशिशों के कारण विगत वर्षों में कबाड़ियों पर पुलिस की कार्रवाई कमजोर पड़ गई थी लेकिन जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इसे स्वीकार नहीं किया। उनके संज्ञान में जब भी कोई मामला आया, उन्होंने सीधे तौर पर कार्रवाई की जिससे कबाड़ियों के हौसले पस्त हैं।जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि वह अवैध कबाड़ सहित अन्य अवैध कार्यों पर सख्ती से निगरानी रख रहे हैं। इस तरह के कार्यों को संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर भी उन्होंने दंडित करने की कार्रवाई की है।
