जिला साहू संघ कोरबा की महत्वपूर्ण बैठक हुई संपन्न
आगामी विभिन्न आयोजनों की तैयारी को लेकर हुई चर्चा
कोरबा l जिला साहू संघ कोरबा की आवश्यक बैठक 11 जुलाई दिन शनिवार को जिला कार्यालय चेक पोस्ट में कोरबा जिला अध्यक्ष गिरिजा कुमार साहू की अध्यक्षता एवं दिशा-निर्देशन में की गई। कार्यक्रम की शुरुआत माता कर्मा के छायाचित्र का पूजन एवं आरती के साथ की गई। तत्पश्चात जिला अध्यक्ष गिरिजा कुमार साहू को एचएमएस कोयला मजदूर सभा एसईसीएल के केंद्रीय सचिव गेवरा दीपका क्षेत्र का जेसीसी सदस्य बनाए जाने पर साल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।
इसी क्रम में ईश्वर साहू का सम्मान एल्डरमैन मनोनीत किए जाने पर एवं अनुलाल साहू का सम्मान एसईसीएल कुसमुंडा में सेफ्टी टॉक में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए किया गया। जिला कोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद साहू के जन्मदिवस के अवसर पर उनको शुभकामनाएं समाज के द्वारा प्रेषित की गई। आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर चर्चा हुई जिसमें महिला प्रकोष्ठ द्वारा सावन उत्सव मनाया जाना ,भोजली त्यौहार मनाया जाना एवं जिला के प्रत्येक इकाई से वार्षिक सदस्यता (एक परिवार का) शुल्क ₹100 तय किया गया। यह भी कहा गया कि प्रत्येक तहसील में साहू समाज के परिवारों की संख्या बताना है और पारिवारिक जनगणना की पर्ची जमा करना है।
विभिन्न इकाई, परिक्षेत्र, तहसील एवं जिला के पदाधिकारी द्वारा भी कई बातों को लेकर सुझाव दिया गया, जिसमें दीपक साहू द्वारा कहा गया कि समाज के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सेवा कार्य कराए जा सकते हैं जैसे कि रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, एंबुलेंस सेवा, कावड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था आदि हैं। इस प्रकार सभी विषयों पर समस्त पदाधिकारीयो की सहमति के साथ बैठक संपन्न हुई।



