KORßA:-ग्राम परसदा में मंदिर से घर लौट रहे साधु से मारपीट कर 22 हजार की लूट, पुलिस ने दर्ज किया केस
मंदिर से घर लौट रहे साधु से मारपीट कर 22 हजार की लूट का आरोप
- एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा l कोरबा जिले के पाली थानांतर्गत परसदा मार्ग साधु से मारपीट के बाद 22 हजार लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित साधु मंदिर से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ता रोककर वारदात को अंजाम दे दिया। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण के मकान में साधु अरूण पाठक निवास करते हैं। वे रतनपुर के गिरजाबंद मंदिर से जुड़े हुए हैं। साधु प्रतिदिन मंदिर से घर आना-जाना करते हैं। वे रात्रि मंदिर से ग्राम लौट रहे थे। इसी दौरान तीन आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाश साधु से मारपीट करने लगे। साधु ने उनसे मारपीट नहीं करने की गुजारिश भी की, लेकिन बदमाशों ने उनकी एक नहीं सुनी। वे साधु के जेब में रखे 22 हजार रूपए नगदी रकम को लूटकर फरार हो गए। इस बीच साधु ने दो बदमाशों को पहचान लिया था। वे सीधे थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। साधु की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।



