सिरमिना सोसायटी में खाद घोटाला करने लगा आरोप
- पर्ची के बावजूद किसानों को नहीं मिल पा रहा खाद
कोरबा । कोरबा जिले के विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरमिना की सहकारी समिति में खाद वितरण में घोटाला करने के आरोप किसानो द्वारा लगाया गया हैं।
ग्रामीण किसानो ने वीडियो साक्ष्य साझा करते हुए आरोप लगाए हैं कि यहां स्थानीय किसानों को खाद नहीं दिया जा रहा, जबकि बाहरी व्यक्तियों को बिना पर्ची के ही 2000 रुपये प्रति बैग की दर से खाद बेचा जा रहा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि सहकारी समिति के प्रबंधक और सेल्समेन के बीच मिलीभगत से यह गड़बड़ी चल रही है। जब सिरमिना के किसान खाद लेने पहुंचते हैं, तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि “खाद उपलब्ध नहीं है।” वहीं, दूसरी पंचायतों से आए लोगों को मौके पर मोटी रकम लेकर खाद थमा दिया जाता है। इससे स्थानीय किसानों में भारी नाराजगी है।
कई किसानों ने बताया कि खाद की आवश्यकता के समय उन्हें चक्कर लगवाया जा रहा है, जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है। आरोप है कि जो किसान आवाज उठाते हैं, उन्हें धमकी दी जा रही है, जिससे भय का माहौल बन गया है। फिलहाल इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक जांच शुरू नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि जिला प्रशासन हस्तक्षेप कर दोषियों पर सख्त कार्यवाही करे। यदि लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं, तो यह घटना न केवल किसानों के हक के साथ धोखा है, बल्कि कृषि व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करती है।
