
महिलाओं की सूचना पर पुलिस ने कई घरों में दी दबिश, 5 लोगों के विरुद्ध हुई वैधानिक कार्रवाई
कोरबा जिले में “ सजग कोरबा – सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 25.06.2026 को थाना कुसमुण्डा क्षेत्र के वार्ड क्र. 65 भैरोताल क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस को अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशे की बिक्री की सूचना दी। महिलाओं की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कुसमुण्डा पुलिस ने कई घरों में दबिश दी एवं मौका निरीक्षण के आधार पर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी कुसमुण्डा निरीक्षक श्री मृत्युजय पाण्डेय स्वयं अपने स्टॉफ के साथ भैरोताल बस्ती पहुँचे एवं सामुदायिक भवन में क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी महिलाओं को निडर होकर क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा बस्ती में पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए अवैध शराब एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी से सामाजिक बुराइयों का त्याग कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध शराब बनाने एवं बिक्री करने वालों पर यथाविधि कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, पार्षद, मितानिन एवं बुजुर्ग महिलाएं उपस्थित रहीं।
कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा – सतर्क कोरबा ” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति, अपराध नियंत्रण एवं जनजागरूकता हेतु इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा
कोरबा पुलिस



