अदाणी फाउंडेशन जिले में बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यालयीन छात्रों की नेत्र जाँच कर बांटेगी मुफ़्त चश्मे
- विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ किया जा रहा नियमित शिविर का आयोजन
- कोरबा पॉवर लिमिटेड के सामाजिक सरोकारों की अनुपम पहल
कोरबा । कोरबा जिले के बरपाली तहसील में अदाणी फाउंडेशन ने नियमित नेत्र जाँच शिविर की शुरुआत की है। अदाणी के कोरबा पॉवर लिमिटेड (केपीएल) के पास के पाँच ग्राम पंचायतों खोड्डल, सरगबुंदिया, ढ़नीढ़नी, पहंदा और पताड़ी के आसपास के ग्रामों में निवासरत बुजुर्गों, महिलाओं और शासकीय विद्यालयो में पढ़ने वाले विद्यार्थियों सहित लगभग 3000 लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आसपास के ग्रामों में गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनजर ग्रामो में विद्यालय के छात्रों सहित बुजुर्गों और महिलाओं में नेत्र रोग की समस्या से निजात दिलाना है।
इसी कड़ी में नेत्र जाँच शिविर का उद्घाटन ग्राम पंचायत पताड़ी में किया गया। जिसमें कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताड़ी की डॉ. रजनी कटकवार थी। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केपीएल के महाप्रबंधक नितिन पाटील ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पताड़ी सरपंच प्रधान सिंह ठाकुर, सरगबुंदिया सरपंच अश्विनी तवर, जिला पंचायत प्रतिनिधि कमलेश अनंत, केपीएल के भू-विभाग प्रमुख विकास ठाकुर तथा कॉर्पोरेट मामलों के प्रमुख अतुल गुप्ता उपस्थित थे। इसके अलावा अदाणी फाउंडेशन के ताजेंद्र बंजारे व पवन महतो सहित ग्राम के पंच, बुजुर्ग तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. रजनी कटकवार ने कहा कि “अदाणी फाउंडेशन का नेत्र रोग के निदान के लिए यह प्रयास काफी सराहनीय है। उन्होंने सभी को सरकार के द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम नेत्र दान करने के लिए प्रेरित भी किया।”
केपीएल के नितिन पाटील ने कहा कि “अदाणी फाउंडेशन अपने आसपास के आश्रित ग्रामों में सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत मुफ़्त चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध करा रहा है। जो कि संस्था की सामाजिक सहभागिता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
नेत्र जाँच में अग्रणी संस्था विज़नस्प्रिंग फाउंडेशन के सहयोग से अदाणी फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में नेत्र समस्या से जूझ रहे लगभग 2000 बुजुर्गों और महिलाओं तथा शासकीय विद्यालयो के 1000 छात्रों के नेत्रों की जाँच कर दवाइयाँ और नजर के चश्मे निःशुल्क वितरित करेगा। ग्राम पताड़ी, ढनढनी, सरगबुंदिया और खोड्डल में आयोजित शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. विनोद कुमार पाल ने 400 से अधिक बुजुर्गों और महिलाओं की नेत्र जाँच कर निःशुल्क दवाइयां और नजर के चश्मे वितरित किए।
