कोरबा: वेतन लेकर घर लौट रही युवती से नकद और मोबाइल लूटा, बाइक सवार फरार
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने वेतन लेकर घर लौट रही युवती से मोबाइल और नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मेन रोड से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चिमनीभट्ठा निवासी नेहा पांडेय पावर हाउस रोड स्थित श्रीराम वस्त्रालय में काम करती है। वह मंगलवार रात करीब 9:50 बजे वेतन लेकर पैदल घर लौट रही थी। एक्सिस बैंक के पास मेन रोड पर पीछे से बाइक पर दो युवक आए।
पीड़िता ने बताया कि वह मोबाइल पर बात करने के लिए फोन और वेतन के 9,840 रुपए हाथ में लेकर कान के पास ले गई थी। तभी बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर मोबाइल और नकदी छीन ली और तेज रफ्तार से भाग निकले। लूटे गए मोबाइल की कीमत करीब 4 हजार रुपए है। कुल नुकसान 13,840 रुपए का है।
घटना के बाद युवती ने सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
