कार चालक ने एक साथ कई वाहनों को मारी टक्कर
- घायलों को कराया गया चिकित्सालय में दाखिल
कोरबा । कोरबा अंचल के आईटीआई क्षेत्र से बुधवारी क्षेत्र जाने वाला वीआईपी रोड इन दिनों हादसे का केंद्र बन गया है, आए दिन इस सड़क में कोई ना कोई हादसा हो रहा है। कुछ दिनों पूर्व भी एक कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति को मौत के घाट उतारा था और कई लोगों को घायल कर दिया था।
इसी कड़ी में रविवार 10 अगस्त की शाम भी ऐसे ही एक लापरवाह कार चालक ने वाहन चलाते हए अंधेरीकछार विद्यालय के पास कई मोटर साइकिल सवार लोगों को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जप्त कर थाने ले गई। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक यह जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है कि कितने घायल है और किसे गंभीर चोटे आई हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर की कमी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। वीआईपी रोड पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही ने इसे दुर्घटनाकारित क्षेत्र बना दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद वाहन चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही, भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।
