ग्राम पंचायत जर्वे: सोन नदी से अवैध रेत ला रहा ट्रैक्टर पलटा, 1 मृत, 2 गंभीर


जर्वे में पलटा अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर, मौके पर जुटी भीड़
प्रतिबंध के बाद भी रेत तस्करी
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत जर्वे के पास सोन नदी से रेत भरकर लौट रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक की पहचान मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शिवकुमार, अमित कुमार और अन्य युवक प्रतिबंध के बावजूद सोन नदी से रेत निकालने गए थे। वापसी में जर्वे के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और ट्रॉली सहित सड़क किनारे पलट गया। शिवकुमार इंजन के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर चालक अमित कुमार और एक अन्य घायल का इलाज जारी है।
पुलिस जांच शुरू
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रैक्टर मालिक और अवैध रेत तस्करी से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
लगातार जारी है अवैध खनन
ग्रामीणों के मुताबिक मड़वारानी और आसपास सोन नदी से अवैध रेत खनन का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। प्रतिबंध के बावजूद रात और भोर में दर्जनों ट्रैक्टर नदी से रेत ढोते हैं। ओवरलोड और तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं।
खनिज विभाग ने जिले की नदियों से रेत निकासी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर उड़नदस्ता लगातार कार्रवाई कर वाहनों को जब्त कर रहा है, फिर भी कई इलाकों में अवैध परिवहन नहीं रुक रहा।

